ऊंज के सूफीनगर-गोधना में राजमार्ग पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ऊंज थाना क्षेत्र के सूफीनगर में शनिवार को हुई सड़क दुुर्घटना की घटना के 24 घंटे बाद रविवार को दूसरे दिन भी विशेषज्ञों के न आने से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर सड़क पर पड़े रहे, कोहरे के बीच सिक्सलेन पर खड़े दोनों टैंकर हादसे को आमंत्रण दे रहें। इससे आवागमन को लेकर राहगीर डरने लगे हैं।
राहगीर प्रमोद नारायण, शिवचंद, रामउजागिर आदि ने राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाया है कि एक ओर प्रतिदिन पारा गिरने के कारण कोहरे और ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। पैदल चलने वालों का पैर डगमगा ही रहा है, ठंड से सिकुड़े हाथ बाइक, साइकिल, लग्जरी वाहनों के स्टेयरिंग से कब नियंत्रण खोकर अनहोनी का कारण बन बैठेंगे कोई समय निर्धारित नहीं है। दूसरे हादसे वाला स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 है, जिस पर प्रति दिन हजारों की संख्या में वाहन गुजरते है, बताते चले करीब चार वर्ष पूर्व सिक्सलेन का निर्माण कार्य मात्र 10 फीसदी रह जाने से प्राधिकरण ने मुख्यलेन समेत सर्विसलेनों पर आवागमन शुरू कराया है। मुख्यलेन के किनारे खुले नाला तो सर्विसलेन के किनारों पर बिल्डिंग मैटेरियल, आटो गैरेज, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट को अवैध ढंग से संचालित कर दूरदराज क्षेत्रों को आने-जाने वाले वाहनों को रोकते हैं। ऐसे स्थानों पर रूक कर चालक और खलासी यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
--
अब तक हो चुकी है एक दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटना की घटनाएं
दिसंबर 2021 में ऊंज थाना के समीप हुई दुर्घटना में चालक-खलासी की मौत, गोपीगंज कोतवाली के किशनदेवपुर में अनियंत्रित होकर पलटे सेब से लदे ट्रक चालक की जल कर मौत, औराई थाना क्षेत्र के महराजगंज अंडरपास ब्रिज पर टायर ब्रस्ट होने से पलटी कार में सवार पति-पत्नी की मौत और शनिवार को दोपहर में सूफीनगर-गोधना स्थित एक पेट्रोलपंप के सामने पहले से खड़े तेल के टैंकर में एलपीजी टैंकर की टक्कर हो जाने से चांदपारा-हंडिया प्रयागराज निवासी बैंकमित्र नितेश की मौत हो गई। दुर्घटनाओं के होने पर पुलिस और राजमार्ग प्राधिकरण कुछ क्षण के लिए दमखम दिखाता है उसके बाद सबकुछ भूल जाते हैं। प्रभारी निरीक्षक ऊंज पूजा कौर ने बताया कि सूफीनगर-गोधना में राजमार्ग पर टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त खड़े एक टैंकर में सैनिटाइजर और दूसरे टैंकर में एलपीजी भरा है। संबंधित कंपनियों को सूचना देकर उपस्थिति में सोमवार तक दोनों क्षतिग्रस्त टैंकर वाहनों हटवाने का निर्देश दिया जा चुका है।