सर्रोई। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से बृहस्पतिवार को भदोही नगर के नेशनल तिराहा से रजपुरा चौराहे तक स्वदेशी संकल्प यात्रा निकाली गई। इसमें स्वदेशी के प्रयोग और विदेशी सामानों के बहिष्कार पर बल दिया गया। संकल्प यात्रा में संगठन से जुड़े शिक्षक, अधिवक्ता, महिलाएं आदि शामिल हुई। इस दौरान तहसील परिसर में पंपलेट का भी वितरण किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अशोक सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वदेशी का अहम योगदान है। देश की जनता जब देश के उत्पाद को खरीदेगी तो जीडीपी में कृषि का दायरा बढ़ेगा। गांव भी आर्थिक रुप से मजबूत होगा तो देश विकसित होगा। वीरेंद्र पांडेय ने कहा कि दंतोपंत ठेगड़ी जी ने शुरुआत से ही स्वदेशी पर जोर दिया। सह संपर्क प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि विदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर रोक लगनी चाहिए । इस दौरान स्लोगन दूध, दही थाली में, पेप्सी, कोला नाली में के नारे लगाए गए। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में विदेशी सामानों का कब्जा है। जिससे गांव के लोग बेरोजगार हो गए हैं। भारतीय बाजारों में स्वदेशी की धाक बढ़ाने के लिए सभी को आगे आना होगा। संगठन की तरफ से इसके लिए देश भर में कार्यक्रम चल रहा है। इस मौके पर रूपाली जायसवाल, कुंदन सिं, सपना मौर्य, राधेश्याम उपाध्याय, रामकुमार मिश्रा, तरूण शुक्ला आदि रहे।