गोपीगंज थाना क्षेत्र के लालानगर स्थित सर्विस लेन पर शनिवार को गलत साइड से आ रही पिकअप की चपेट में आने से चालीस वर्षीय एक उपरोहित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी पंडित माता प्रसाद उर्फ हिरन तिवारी महाराजगंज से विवाह करवा कर बाइक से शनिवार तड़के घर वापस लौट रहे थे।
हिरन तिवारी लालानगर टोल प्लाजा पार करके जैसे ही दक्षिणी सर्विस लेन से आगे बढ़ रहे थे कि उसी वक्त सर्विस लेन विपरीत दिशा से आ रही तेज पिकअप की चपेट में आ गए। पिकअप की चपेट में आने से हिरन तिवारी बुरी तरह से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त गई। हालांकि भोर के समय हुई घटना में हिरन तिवारी के शरीर से ज्यादा खून बह जाने से उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस संबंध में आसपास के लोगों ने बताया कि धक्का देकर भाग रही पिकअप को रोकने का काफी प्रयास किया गया लेकिन चालक भागने में सफल रहा। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना लगभग 5:30 बजे भोर की हुई है जबकि पुलिस लगभग एक घंटे की देरी के बाद मौके पर पहुंची।
बताया जाता है कि पंडित हिरन तिवारी सारीपुर में नेवासा पर अपनी पत्नी के साथ रहते थे और उनको कोई भी संतान नहीं थी। वहीं दुर्घटना की सूचना मिलने पर पत्नी समेत आसपास के गांव से सैकड़ों महिला व पुरुष मौके पर पहुंच गए जहां पत्नी का रो रो कर बुरा हाल हो गया था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अज्ञात पिकअप की तलाश में जुटी रही।