मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए शुरू किया सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने का अभियान सुस्त पड़ गया है। नगर पालिका ने पिछले सप्ताह मेन रोड और चौरी मार्ग पर अभियान जरूर चलाया, लेकिन अभियान में बीच-बीच में अभियान रोक दिए जाने से फिर अतिक्रमण हो जा रहा है। चौरी मार्ग और मेन रोड पर जहां - जहां नगर पालिका ने टिन शेड और नालियों पर से अतिक्रमण हटवाया था, वहां फिर से दुकानें लगने लगी हैं।
अजिमुल्लाह चौराहे से लेकर मर्यादपट्टी तक सड़क की पटरियों पर अस्थाई दुकानें लगा ली गई हैं। ठेले खोमचे वाले तो शाम को दुकान लगाकर देर शाम अपनी दुकानें हटा लेते हैं, लेकिन बहुत से अतिक्रमण स्थाई हो चुके हैं। यही हाल चौरी रोड का भी है। जहां सड़क की पटरी और नालों पर अतिक्रमण हो गया है। नगर पालिका की तरफ से बीते सप्ताह अजिमुल्लाह चौराहा और चौरी रोड से अतिक्रमण हटवाया गया था। साथ ही तमाम लोगों को खुद अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी भी दी गई थी। चेतावनी का असर अतिक्रमण करने वालों पर नहीं हुआ और नगर पालिका का अभियान सुस्त पड़ते ही फिर से अस्थाई दुकानें लगने लगीं हैं। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद आवागमन सुगम हो गया था। विशेष रूप से अजिमुल्लाह चौराहे पर कटरा बाजार के मुहाने पर आवागमन काफी ठीक हो गया था, लेकिन वहां फिर से अतिक्रमण कर दुकानें लगने लगी हैं। इससे फिर दिक्कत होने लगी है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जी लाल का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभी अभियान रुका नहीं है। सड़क की पटरियों पर दुकानें लगाने की अनुमति नहीं है। ऐसे लोगों को हटाकर कहीं और वेंडिंग जोन बनाकर जगह दिया जाएगा।