कौलापुर। गोपीगंज थानाक्षेत्र के होलपुर गांव में भवन निर्माण सामग्री की दुकान पर शनिवार की शाम को उधार सीमेंट न देने पर मनबढ़ युवकों ने बेरासपुर गांव के रोजगार सेवक के भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल का अस्पताल में उपचार कराया गया। शोरगुल होने पर मनबढ़ वहां से भाग गए। पुलिस ने एक नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ छिनैती, एससीएसटी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बेरासपुर गांव निवासी एवं रोजगार सेवक कमलेश सरोज की होलपुर गांव में हाइवे के किनारे बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान है। आरोप है कि शनिवार शाम को गांव की क्षत्रिय बस्ती कुछ लोग दुकान पर आए और 10 बोरी सीमेंट और सरिया उधार देने का दबाव बनाने लगे। उनकी बात न सुनने पर राड और सरिया से मिथलेश सरोज को मारपीट कर घायल कर दिया। दुकान के गल्ले में रखा 10 हजार नकद भी निकाल ले गए। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर जिला चिकित्सालय रेफर किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। नामजद मुख्य हमलावर को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी, जिसको लेकर परिवार वालों ने नाराजगी जताई। धमकी और हमले से परिवार के लोग सहमे हुए हैं।