ज्ञानपुर। जून में पहली बार तापमान 41.5 डिग्री पहुंचा है। शनिवार को सुबह नौ बजे ही तेज धूप निकल गई। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को तापमान में आधे डिग्री की वृद्धि हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल के अनुसार 11 जून तक मौसम तल्ख रहेगा। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 12 जून से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय परिसंचरण के कारण मई में मौसम का मिजाज हर चार से पांच दिन में बदलता रहा। दो-तीन दिन की बात छोड़ दी जाए तो तापमान 40 डिग्री के नीचे ही रहा। जून के शुरूआती दिनों से ही मौसम का तेवर तल्ख है। भीषण गर्मी के कारण ज्ञानपुर-गोपीगंज, दुर्गागंज, भदोही बाजार में सन्नाटा रहा।
तेज धूप के कारण नर्सरी डालने से बच रहे किसान
ज्ञानपुर। जिले में धान की रोपाई के लिए किसान नर्सरी डालना शुरू कर दिए हैं। तेज धूप के कारण कुछ किसान अभी तापमान गिरने का इंतजार कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि धूप के कारण नर्सरी का पानी गर्म हो जाता है। इससे धान के बीज अंकुरित होने और उनके विकास में दिक्कत होती है। किसान मौसम नर्म होने का इंतजार करते हैं।
-
खाली पेट धूप में निकलने से बचें
ज्ञानपुर। गर्मी और उमस से चिकित्सक लोगों को बचने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजिशयन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि खाली पेट बाहर नहीं निकलना चाहिए। लू लगने से बुखार होने के साथ सिर व बदन दर्द के साथ लूज मोशन होने का खतरा रहता है। गर्म हवाओं और लू से बचने के लिए खूब पानी पीएं। हल्के कपड़े पहनें और धूप से बचें।
एक सप्ताह का तापमान
-
दिन अधिकतम न्यूनतम
एक जून 40 28
दो जून 41 29
तीन जून 37.3 27
चार जून 38.8 25
पांच जून 39.5 25
छह जून 41 25
सात जून- 41.5 25