भदोही तहसील बार एसोसिएशन वर्ष 2022 सत्र के लिए चुनाव 28 दिसंबर को होगा। तय किया गया है कि इस बार के चुनाव में वही अधिवक्ता मतदान करेंगे जो नियमित विधिक कार्यों में हिस्सा लेते हैं।
बुधवार को तहसील में मुख्य चुनाव अधिकारी सूरज प्रसाद यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सदस्यता शुल्क 240 रुपये निर्धारित किया गया है। ऐसे अधिवक्ताओं को मताधिकार के प्रयोग का अधिकार नहीं मिलेगा जो केवल चुनाव के समय सदस्यता शुल्क देकर मतदान करते आए हैं। उन्होंने बताया कि 3 से 10 दिसंबर तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से 3 बजे तक लोग सदस्यता शुल्क जमा कर सकते हैं। 13 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 14 से 15 दिसंबर को सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन फार्म वितरण होगा। 15 व 16 दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिला होगा। 17 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच व पर्चा वापसी अपराह्न 3 बजे तक होगी। 18 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा वैध-अवैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन होगा। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि परंपरा के अनुसार 24 दिसंबर को दोपहर 12 बजे क्वालीफाइंग स्पीच का आयोजन होगा जिसमें प्रत्याशी अपनी बात और प्राथमिकताएं रख सकेंगे। 28 दिसंबर को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान का समय रखा गया है। उसी दिन साढ़े 3 बजे से मतगणना और परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। सदस्यता शुल्क जमा करने के लिए भरत सिंह यादव, रजनीश पांडेय, नागेंद्र कुमार को अधिकृत किया गया है। वार्ता में सहायक निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद, मृत्युंजय सिंह, रजनीश पांडेय, भरत सिंह यादव, कृष्ण कुमार चतुर्वेदी, राम प्रकाश यादव, नागेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।