ऊंज। थाना क्षेत्र के अइनछ गांव निवासी गणेश सोनी का 13 वर्षीय पुत्र शिवम सोनी शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हो गया। 20 घंटे बाद गांव के एक सूखे कुएं में वह गंभीर रूप से घायल मिला। सूखे कुएं से बच्चे की रोने की आवाज के बाद जब लोगों ने कुएं में झांका तो उसमें बच्चा था। उसका बनारस के ट्राॅमा सेंटर में इलाज चल रहा है। परिजनों ने अपहरण के बाद बच्चे को कुएं में फेंकने की आशंका जतायी है।
अइनछ गांव निवासी गणेश सोनी के चार बच्चे शिवम सोनी, शिवा सोनी, शिव कुमार और सत्यम सोनी गांव के पास ही राम तवंकल इंटर कॉलेज रोही में पढ़ते हैं। शनिवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद चारों बच्चे एक साथ रोही से घर के लिए चले थे।
बताया जा रहा है कि इस बीच कक्षा सात में पढ़ने वाला 13 वर्षीय शिवम अपने भाइयों से बिछड़ गया। कुछ देर तक नहीं पहुंचा ताो परिजन तलाश करने लगे तो तो घर से 500 मीटर की दूर उसकी साइकिल व बैग गिरा मिला। फिर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रात भर युवक का कुछ पता नहीं चला। रविवार को गांव के ही राजा राम चौरसिया की पत्नी सूखे कुएं की तरफ गई तो उन्हें कुएं से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई थी। उन्होंने परिवार वालों को बताया। लोगों ने जाकर कुएं में झांककर देखा तो उसमें शिवम घायल पड़ा था।
उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां सिर में गंभीर चोट होने से ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव ने बताया कि किशोर गंभीर रूप से घायल है। जिससे उससे कुछ पूछा नहीं जा सका है। जैसे ही बच्चा कुछ स्वस्थ होगा। उससे पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।