जीवन में अनुशासन में रहकर परिश्रम करने से ही सफलता प्राप्त होती है। विद्यार्थी जीवन व्यक्ति का स्वर्णिम समय होता है। यहीं से उसके भविष्य का निर्धारण होता है। सीनियर विद्यार्थियों के अनुभव जूनियर के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं।
ये बातें काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में आयोजित बृहस्पतिवार को छात्रों के विदाई समारोह में मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने कहीं। इस मौके पर हर्षिता और शेफाली ने सरस्वती वंदना और सुषमा व रेशमा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीनियर छात्रों की विदाई के दौरान सभी भावुक हो गए। इस दौरान एक साल में हुए निबंध, पोस्टर, क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज अवस्थी ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। अर्थशास्त्र परिषद की सचिव आंचल मौर्य ने गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इस मौके पर महेंद्र त्रिपाठी, हिमांशु त्रिपाठी, डॉ. सर्वेशानंद, डॉ.घनश्याम मिश्र, डॉ.किरन शर्मा, डॉ.रोशन प्रसाद, डॉ.अवधेश आर्य, डॉ. लोकपति त्रिपाठी, पूजा पांडेय, वंदना आदि मौजूद रहीं।