कोतवाली क्षेत्र के रेवड़ापरसपुर में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पहुंचकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान सर्रोई निवासी मो.फैज (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के मुताबिक सुबह लगभग 6.30 बजे रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक के थोड़ी दूरी पर हादसा हुआ। मौके पर पहुंचे लोगों ने एक युवक को ट्रेन के धक्के से बुरी तरह जख्मी पाया। उसकी पहचान में नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का शिनाख्त सर्रोई निवासी नसीम के पुत्र मो.फैज (22) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाऊस भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि फैज घर से मंगलवार सुबह भदोही स्थित कोचिंग के लिए निकला था। वह रेवड़ापरसपुर कैसे पहुंचा। परिजन नहीं बता पाए। परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। यदि परिजन तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।