आगरा जेल में बंद बाहुबली विधायक विजय मिश्र के करीबियों पर एसटीएफ ने शिकंजा कसा है। दुष्कर्म, रुपयों के लेनदेन सहित अन्य मामलों में पूछताछ के लिए एसटीएफ ने विधायक के 24 करीबियों को नोटिस भेजकर तलब किया है।
ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र आगरा जेल में बंद हैं। जुलाई 2020 से जून 2021 तक उनके खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हुए। विधायक संग उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र, बेटे विष्णु मिश्र, अधिवक्ता बेटी रीमा पांडेय, सीमा मिश्रा संग 24 करीबियों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया। मामलों की विवेचना एसटीएफ वाराणसी कर रही है। रिश्तेदार की फर्म हड़पने के मामले में फर्म से भुगतान लेने वाली एजेंसियों को नोटिस जारी की गई है। विवेचक एसटीएफ अमित श्रीवास्तव की ओर से जिन लोगों को नोटिस जारी की गई है। उनमें कारोबारी, विधायक के यहां काम कम करने वाले 10 कर्मचारी, भोजपुरी गायक, एक ग्राम प्रधान संग अन्य लोग शामिल हैं।
बता दें कि विधायक की अधिवक्ता पुत्री रीमा पांडेय पहले ही इसकी आशंका जता चुकी हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर एसटीएफ पर आरोप लगाया था कि एसटीएफ विधानसभा चुनाव से पहले उनके करीबियों का मानसिक एवं आर्थिक शोषण करेगी। ताकि सहयोगी लोग चुनाव में उनका प्रचार न कर सकें। उनका कहना था कि विरोधियों की साजिश में आकर करीबियों को परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में वह गृहमंत्री, प्रधानमंत्री तक को पत्र भेज चुकी हैं।