भदोही। आगामी अक्तूबर में होने वाले भदोही के तीसरे अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले में मार्ट के बाहरी तरफ खाली जगह में भी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली की संस्था से सर्वे कराया जाएगा। जिससे पूरे एरिया का पता चल सके। जिसके आधार पर ही निर्यातकों के लिए मूल्य और जगह का निर्धारण हो सकेगा। सीईपीसी दिल्ली की एजेंसी की ओर से मिले रिपोर्ट के बाद ही अन्य बिंदुओं पर विचार करेगी।
भदोही में होने वाला तीसरा अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला आगामी अक्तूबर माह में 15 से 17 अक्तूबर के बीच आयोजित होना है। मेले में लगने वाले स्टॉलों को लेकर भले ही अब तक रेट तय नहीं हो सका है, लेकिन कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बीते दिनों सीईपीसी के प्रशासनिक समिति सदस्यों की हुई बैठक के बाद वासिफ अंसारी को मेले का संयोजक बनाया गया है।
सीईपीसी इस बार कालीन मेले को पिछले आयोजनों से मिले अनुभवों के आधार पर इस बार बेहतर करने का प्रयास हो रहा है। सीईपीसी इस बार मार्ट के बाहरी हिस्सों का भी प्रयोग करना चाहता है।
प्रशासनिक समिति के सदस्यों का मत है कि मार्ट के बाहरी हिस्सों में स्टॉल लगवाकर मेले में निर्यातकों की भागीदारी बढ़ा सकते हैं। सीईपीसी की ओर से मार्ट के बाहरी हिस्से के पूरे परिक्षेत्र का अनुमान लगाने के लिए दिल्ली की एजेंसी की ओर से सर्वे कराया जाएगा। संयोजक वासिफ अंसारी के अनुसार बाहरी हिस्से में स्टॉल लगाने के पीछे मेले में निर्यातकों की भागीदारी को बढ़ाने पर विचार चल रहा है। दिल्ली की संस्था से सर्वे कराया जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही इस पर कुछ विचार किया जा सकेगा।