भदोही। भदोही-जौनपुर सीमा स्थित वरुणा नदी पर जर्जर धौरहरा पुल के स्थान पर शीघ्र नया पुल मिल सकता है। इसके अलावा शासन ने वाराणसी जिलाधि कारी से कपसेठी-वाराणसी 30 किमी सड़क को फोर लेन बनाने का प्रस्ताव मांगा है। ये बातें सोमवार को लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से मिलकर लौटे आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) अध्यक्ष ओएन मिश्र ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कही।
गत तीन जनवरी को एकमा पदाधिकारी प्रादेशिक उद्योग बंधु की बैठक में भाग लेने लखनऊ गए थे। बैठक में भदोही जनपद की क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल की आवश्यकता समेत ढांचागत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। अध्यक्षता कर रहे प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास मंत्रालयों के प्रमुख सचिवों से कालीन उद्यमियों से मिल कर समस्या समाधान का निर्देश दिया था। सोमवार छह जनवरी को लोक निर्माण के प्रमुख सचिव से मिल कर लौटे एकमाध्यक्ष ने मंगलवार को बताया कि वार्ता सकारात्मक रही। प्रमुख सचिव ने न केवल धौरहरा पुल का प्रस्ताव मंगाया है, बल्कि कपसेठी-वाराणसी मार्ग फोर लेन बनाने के लिए वाराणसी डीएम से प्रस्ताव भी मांगा है।
प्रतिनिधिमंडल में साथ रहे उपाध्यक्ष अब्दुल हादी अंसारी ने बताया कि वार्ता में रेवड़ापरसपुर मार्ग की बदहाली, आनंद नगर गजिया ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कराने, भदोही में कूड़ा निस्तारण केंद्र सहित जनपद के कालीन उत्पादन बाजारों की सड़कों को दुरूस्त कराने के निर्माण के बावत भी चर्चा की गई। प्रेस वार्ता में हाजी जलील अंसारी, जयप्रकाश गुप्ता, शिवसागर तिवारी, हाजी अब्दुल सत्तार, सुजीत जायसवाल, अश्फाक अंसारी आदि रहे।