खमरिया में सामूहिक विवाह में सामाजिक दूरी को तार-तार करतीं महिलाएं।
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज/घोसिया। सोशल डिस्टेंसिंग को दरकिनार कर रविवार को जिले में दो स्थानों पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में आठ जोड़े एक-दूजे के हो गए। अग्नि को साक्षी मानकर वर-वधू के माला पहनाते ही खमरिया का चौरा माता मंदिर खमरिया और बड़े शिव धाम परिसर गोपीगंज में मांगलिक गीत गूंज उठे। खमरिया में पांच और गोपीगंज में तीन जोड़ों का विवाह कराया गया। दोनों स्थानों पर आशीर्वाद देने के लिए संभ्रांतजनों की उपस्थिति बनी रही। चेयरमैन खमरिया नंद कुमार मौर्य की ओर से पांचों जोड़ों को उपहार स्वरूप सामान देकर आशीर्वाद दिया गया। गोपीगंज में स्वर्णकार समाज ने तीन कन्याओं का दहेजमुक्त विवाह कराया। इस मौके पर आचार्य शरद पांडेय, पं. मनोज तिवारी, विजय किशन सोनी, संजय सेठ, सुभाषचंद्र सेठ, अजय सेठ, दीपक मोदनवाल, विभूति नारायण सिंह, कलक्टर सिंह, रामकृष्ण खट्टू, शंकराचारी दुबे आदि रहे। स्वर्णकार समाज ने विवाह में शामिल लोगों से सोशल डिस्टेंस का पालन कर मास्क लगाने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा।
नहीं आए डीएम, उड़ता रहा लॉकडाउन का माखौल
ज्ञानपुर। खमरिया में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में लॉकडाउन का माखौल भी उड़ा। विवाह मंडप में पहुंचने के लिए पूरे नगर में डीजे के साथ बरातियों का भ्रमण और सोशल डिस्टेंस की अनदेखी लोगों की जुबां पर रही। सामूहिक विवाह के परिसर में तमाम लोग सामाजिक दूरी को दरकिनार कर बैठे रहे। मांगलिक गीत गाते समय भी महिलाओं ने न मुंह पर मास्क लगाया न सोशल डिस्टेंस का पालन किया। दूसरी ओर माइक से मुख्य अतिथि डीएम राजेंद्र प्रसाद के आने की घोषणा उस समय निरर्थक हो गई, जब शादी संपन्न होने के बाद तक वह नहीं पहुंच सके।