औराई। नगर पंचायत घोसिया में 1.38 करोड़ की लागत से पांच वार्डों में छह नालियों का निर्माण कराया जाएगा। चेयरमैन बेबी अबरार ने बुधवार को नाली निर्माण का शिलान्यास किया। कहा कि नगर में जल निकासी की समस्या थी।
इसको देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। अब धनराशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण शुरू कराया गया है।नगर में जिन-जिन वार्ड में नालियां बनाई जाएंगी, उसमें वार्ड नंबर 4 में 28.26 लाख की लागत से बुद्धू के मकान से बहवा तक, वार्ड नंबर छह में शिविर रोड पुलिया से बस्ती तक और उल्ला नाऊ मोड़ से शंभू के मकान तक 35.01 लाख, वार्ड नंबर 11 में मिश्रानी पुलिया से नाला तक 28.76 लाख, वार्ड नंबर दो में 26.01 लाख, वार्ड नंबर 11 में 21.04 लाख की लागत से नाली निर्माण काम होगा।
8.89 लाख से लगेगा सबमर्सिबल व पाइप लाइन का होगा विस्तार
औराई। घोसिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 हिम्मतगंज में 8.89 लाख की लागत से 5 हार्सपावर का सबमर्सिबल और पाइप लाइन विस्तार कार्य का चेयरमैन बेबी अबरार ने बुधवार को शिलान्यास किया। हर घर नल योजना के तहत वार्ड में पेयजल की समस्या समाधान के लिए सबमर्सिबल कार्य का शिलान्यास करने के बाद चेयरमैन ने कहा कि हर वार्ड की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान नवाब अहमद, अबरार अहमद, नन्हे, डॉ. इकबाल आदि रहे।
एक करोड़ से शहीद नगर में बनेगी सीसी रोड, अंडर ग्राउंड नाली
संवाद न्यूज एजेंसी भदोही। नईबाजार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 शहीद नगर के दिन बहुरने वाले हैं। वंदन योजना से नगर पंचायत ने वार्ड में एक करोड़ से विकास कार्यों का खाका तैयार किया है। अगले तीन महीनों में वार्ड सीसी रोड, अंडर ग्राउंड नाली और सड़क के दोनों ओर प्रकाश व्यवस्था से जगमगा उठेगा। चेयरमैन निर्मला सोनकर ने बताया कि वार्ड नंबर दो शहीद नगर में हनुमान मंदिर और डीह बाबा मंदिर के बीच की सड़क जर्जर हो गई है। दोनों मंदिरों के बीच की पांच सौ मीटर सड़क को सीसी निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है। ईओ सुजीत कुमार ने बताया कि सीसी रोड, अंडरग्राउंड नाली और एलईडी प्रकाश व्यवस्था पर एक करोड़ खर्च किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू होगा। ईओ ने बताया कि मंदिरों के सुंदरीकरण कराने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सुंदरीकरण का कार्य भी शुरू कराया जाएगा।