भदोही। लूट के इरादे से बदमाशों ने सोमवार को एक शोरूम संचालक को ई-रिक्शा से अगवा कर लिया था। युवक के पास कुछ न मिलने पर बदमाशों ने मोबाइल फोन छीनकर बेहोशी की हालत में मड़ियाहू (जौनपुर) रेलवे स्टेशन के पास खेत में फेंक दिया। मड़ियाहू थाने से मिली सूचना पर परिजन जाकर उसे ले आए। पीड़ित के मोबाइल फोन का पता नहीं चल सका है।
जौनपुर के अड़ियार सुरेरी निवासी सूरज गुप्ता का भदोही के चौरी रोड पर आलमारी और फर्नीचर का शोरूम है। वह अक्सर रुपये लेकर या तो घर जाता है अथवा बैंक। सोमवार को दोपहर वह इंडियन बैंक में चेक जमा कर ई-रिक्शा से शोरूम के लिए चला था। शाम को छह बजे तक जब सूरज नहीं लौटा तो शोरूम के स्टाफ ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने भदोही कोतवाली में इसकी जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने उस समय गुमशुदगी दर्ज कर ली। मंगलवार को मड़ियाहूं स्टेशन के पास युवक के बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर घर आए। युवक के पिता प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बेटा अभी भी डरा सहमा हुआ है। वह अभी केवल इतना बता सका है कि बैंक में चेक जमा कर लौटने के लिए ई-रिक्शा पर बैठा ही था कि उसके दोनों ओर दो लोग आकर बैठ गए और उसे कुछ सुंघा कर बेहोश कर दिया। बेटे के सही सलामत मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। बताया कि 7-8 महीने पूर्व भदोही से सुरेरी जाते समय बदमाश उनके बेटे से नकदी छीन ले गए थे। हो न हो इस बार भी वही बदमाश बेटे को ई-रिक्शा से बेहोश कर ले गए हों। भदोही कोतवाली प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर शिकायत की जाती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।