घोसिया। औराई थाना क्षेत्र के खमरिया नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में शाम लगभग चार बजे शार्टसर्किट से आग लगने के कारण हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड दल ने आग पर काबू पाया।
किराए के मकान में रहने वाले कर्मचारियों ने बताया कि छुट्टी होने के कारण बैंक बंद था। चार बजे अचानक हुई शार्टसर्किट से धुआं निकलने की सूचना मिली। गेट खोलने पर अंदर विद्युत वायर जल रहे थे जिसकी जानकारी पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड को दी गई। आनन-फानन में पहुंची टीम में शामिल जवानों ने आग बुझाकर राहत की सांस ली। मात्र वायरिंग के तार जलने से बड़ा नुकसान नहीं हो सका। छुट्टी के बावजूद भी कर्मचारी और ग्रामीण बैंक के जरुरी कागजात, उपकरण को बचाने में लगे रहे। प्रभारी निरीक्षक औराई सदानंद सिंह ने कहा कि आग लगने के कारण को सही कराकर स्थिति काबू में किया जा चुका है। बैंक खुलने पर शाखा प्रबंधक से मिल कर जर्जर तारों को बदलने के लिए कहा जाएगा।