जिले निकायों में लगातार बढ़ते जा रहे अतिक्रमण को लेकर अमर उजाला के अभियान का दूसरे दिन ही असर दिखने लगा। बुधवार को ज्ञानपुर और गोपीगंज में पुलिस की टीम ने बड़े स्तर पर अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को हटाया। चेताया कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिले के निकायों में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण सड़कें सिकुड़ती जा रही है। गोपीगंज के मिर्जापुर रोड, अंजही मोहाल, खड़हट्टी मोहाल समेत कई मोहल्लों में ठेला खोमचा के साथ ऑटो वालों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया। वहीं ज्ञानपुर निकाय में भी शीतल पाल, मुखर्जी पार्क जैसी जगहों पर जबरदस्त अतिक्रमण देखने को मिलता है।
बुधवार के अंक में ही अमर उजाला ने गोपीगंज अतिक्रमण को लेकर अतिक्रमण से 20 फीट की सड़क 12 फीट तक सिमटी शीर्षक के साथ खबर किया था। जिसके बाद सड़क पर उतरी पुलिस टीम ने जगह-जगह सड़कों और पटरियों पर दुकान सजाए ठेले-खुमचा वालों को हटाया। चेताया कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई होगी। यातायात प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी गई है। अगर इसके बाद भी नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।