भदोही। नगर पालिका क्षेत्र के कटरा बाजार वार्ड में जलनिकासी की समस्या का जल्दी ही समाधान होगा। बारिश के बाद बाजार में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य पर नगर पालिका की ओर से करीब 14.33 लाख खर्च किए जाएंगे।
भदोही नगर पालिका के काजियना में मस्जिद के पास तिराहे से कटरा बाजार की ओर जाने वाला मार्ग सतह से काफी नीचे है। इससे इस मार्ग पर जरा सी बारिश में भी पानी भर जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए सभासद गिरधारी जायसवाल द्वारा कई महीने तक प्रयास किए जाने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने 14.33 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने के साथ ही इंटरलाकिंग सड़क के निर्माण की संस्तुति की थी। इस बीच नगर पालिका से वर्क आर्डर जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू भी नहीं हुआ था कि बारिश का मौसम शुरू हो गया। इस पर नागरिक आगे आए और ईओ दयाशंकर वर्मा से बात कर बारिश के बाद निर्माण शुरू कराने की मांग रखी। इस संबंध में ईओ का कहना है कि बारिश में काम मानक अनुसार नहीं हो पाता, इसलिए बारिश थमते ही निर्माण कार्य फिर शुरू कराया जाएगा।