महिला से सामूहिक दुष्कर्म के दूसरे आरोपी सुरेश केसरवानी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने कोइरौना के नारेपार बनिया के तारा से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नामजद डीघ ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा को दो दिन पूर्व ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दो अन्य अज्ञात की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बुधवार को प्रयागराज की एक महिला ने ऊंज थाने में डीघ ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा, सुरेश केसरवानी निवासी बनिया का तारा नारेपार और दो अज्ञात के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। डीघ ब्लॉक प्रमुख पहले ही जेल जा चुके हैं। एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष ऊंज के नेतृत्व में गठित टीम ने बृहस्पतिवार को नारेपार में दबिश देकर सुरेश केसरवानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। ऊंज थाना प्रभारी पूजा कौर ने बताया कि नामजद सुरेश केसरवानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।