मिर्जापुर तिराहे के पास लगी बैरिकेटिंंग। संवाद
ज्ञानपुर। हर-हर, बम-बम के जयकारों के बीच हाईवे से कांवड़ियों का जत्था गुजरने लगा है। आगामी तीन अगस्त को सावन को पहला सोमवार है।
शनिवार को अपेक्षा से कम भीड़ दिखी लेकिन रविवार को कांवड़ियों की संख्या हजारों में पहुंचने का अनुमान है। इस बीच जिले के बाजारों में 72 घंटे की नो इंट्री प्रभावी हो गई। इस दौरान गोपीगंज में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं औराई चौराहे वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा और वहां से सीधे हाईवे की तरफ जाएंगे। यह व्यवस्था शनिवार शाम छह बजे से मंगलवार शाम छह बजे तक 72 लागू रहेगी। जिलाधिकारी शैलेश कुमार व एसपी अभिनव त्यागी हाईवे पर उतरे। सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से हो गई है। सावन का पहला सोमवार तीन अगस्त को है। जिला प्रशासन की ओर से प्रयागराज और वाराणसी जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर हाईवे पर विशेष चौकसी है।
जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाले हुए हैं। खासकर जिले की बाबूसराय व ऊंज सीमाओं पर विशेष चौकसी रखी जा रही है। दोनों अधिकारियों ने हाईवे पर जगह-जगह व्यवस्थाओं को देखा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले के बाबूसराय निवासी रितेश व भदोही निवासी अंकित तिवारी जयकारा लगाते हुए हाईवे से विश्वनाथ धाम जाते दिखाई दिए। बताया कि कई सालों से प्रयागराज से जल उठाकर बाबा विश्वनाथ को चढ़ाने जाते हैं। उनकी कोशिश होती है कि सावन के सोमवार को ही जल चढ़ाएं।