ज्ञानपुर। मौनी अमावस्या पर्व पर श्रद्धालुओं को स्नान कराने के लिए रोडवेज विभाग की ओर से खास इंतजाम बनाए गए है। भदोही जिले के विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली सभी 11 स्पेशल बसों से श्रद्धालुओं को प्रयागराज में शाही स्नान कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने ज्ञानपुर में तीन, औराई और भदोही में चार-चार बसें एक दिन पूर्व ही तैनात कर दीं है। तीनों बस स्टेशनों से बसें यात्रियों को लेकर दौड़ीं।
माघ मास के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर प्रयागराज संगम जाने वाले यात्रियों के लिए परिवहन निगम ने औराई, ज्ञानपुर और भदोही के स्टेशनों से स्पेशल बसों को चलाने का निर्णय लिया है। कैंट डिपो वाराणसी से ज्ञानपुर स्टेशन बस लेकर पहुंचे परिचालक सूबेदार यादव ने कहा कि अन्य जिलों से संगम पहुंचने वालों की लरी नहीं टूट रही है। इस जिले में बसों को खड़ा कर इंतजार करना पड़ रहा है। जब बसें नहीं रहती हैं तो लोग उच्चाधिकारियों तक शिकायतें कर बसों को चलवाने का प्रयास करते हैं। निगम ने ज्ञानपुर से झूंसी तक किराया 72 रुपये निर्धारित किया है। बुधवार को गिनती के यात्रियों को लेकर बसें झूंसी के लिए रवाना होती रहीं। एक जनवरी से संगम तट पर लगे कल्पवास मेले को लेकर निगम ने राजमार्ग-19 समेत अन्य मार्गों से लगभग सौ बसों की अतिरिक्त व्यवस्था पहले से की है। प्रमुख स्नान पर्व होने के कारण क्षेत्रीय जिलों में बने स्टेशनों से बसों को चलाने की व्यवस्था विशेष रूप से करा दी गई, लेकिन स्टेशन में गंदगी, अतिक्रमण और पेयजल आदि सुविधाओं को लेकर उपेक्षा की स्थिति दिखी।
कोरोना को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रेलखंड पर चलने वाली चार जोड़ी पैसेंजर गाड़ियों के बंद होने से लोग सड़क मार्ग से संगम पहुंच रहे हैं। रेलवे प्रशासन गोरखपुर, मऊ जंक्शन, बलिया, गाजीपुर, मंडुआडीह से अलग-अलग तिथियों में अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करा रहा है, लेकिन यह सुविधा केवल आरक्षित टिकट वालों को ही दी जा रही है।