सीतामढ़ी। जिले के प्रसिद्ध सीतामढ़ी मेले के समापन के बाद एसपी अभिनव त्यागी ने कोइरौना थाने में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी ने थाने के 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इनमें चार मुख्य आरक्षी, नौ आरक्षी और एक महिला आरक्षी शामिल हैं। एक साथ इतने पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
सीतामढ़ी में नौ दिन तक लवकुश जन्मोत्सव पर भव्य मेले का शुक्रवार को समापन हुआ। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई थी। मेला खत्म होते ही एक साथ इतनी संख्या में पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। माना जा रहा है कि मेला ड्यूटी में कमी पर यह कार्रवाई की गई है, हालांकि पुलिस इसे रूटीन बता रही है। जिन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है उनमें चार मुख्य आरक्षी, नौ आरक्षी और एक महिला आरक्षी शामिल हैं। मुख्य आरक्षी में विजय बहादुर पुरी, पीयूषकांत यादव, जितेंद्र कुमार, श्रीनिवास यादव, आरक्षी में अंगद कुमार, राकेश कुमार भारती, सौरभ कुमार वर्मा, अनीश कुशवाहा, रोहित कुमार, अरविंद कुमार भारती, अजीत गौतम, संदीप कुमार, आर्यन कुमार और महिला आरक्षी में गुंजन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि पूरी तरह से विभागीय रूटीन के तहत कार्रवाई की गई है। आने वाले सम में पवित्र सावन माह में कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की आने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस फोर्स को वहां से हटाकर सावन मेले में ड्यूटी लगाई जा रही है। ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उसी के तहत वहां तैनात जवानों को हटाया गया है।