जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एआरटीओ राम सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जिला परिवहन यान समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता पर जोर दिया गया।
एआरटीओ ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्कूल संचालकों से कहा कि वह स्कूली वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूली वाहनों में महिला परिचालकों की नियुक्ति करें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर चर्चा की गई।