ज्ञानपुर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले में शनिवार की रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे फसलों पर असर पड़ा है। गेंहू की अगैती फसल तेज हवा के कारण गिर गई है। इससे उत्पादन असर पड़ने की आशंका पैदा हो गई है। बारिश से बिजली व्यवस्था की चरमरा गई। कई इलाकों में रात से कटी बिजली सुबह 12 बजे के बाद बहाल हो सकी। जगह-जगह कीचड़ पसर गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 एमएम बारिश दर्ज की गई जबकि अधिकतम तापमान तीन डिग्री कम हो गया। फरवरी माह में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी तेज धूप होती है तो कभी बादलाें के साथ बारिश के कारण किसानों के तिलहन का सबसे अधिक नुकसान हुआ। शनिवार की रात 11 बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। हवा के असर के कारण कुछ ही देर में बारिश बंद हो गया लेकिन रात करीब एक बजे के बाद फिर से मौसम सक्रिय हुआ। गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो पूरी रात चलता रहा।
रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। दोपहर एक बजे के बार थोड़ी देर के लिए मौसम खुला जरूर लेकिन शाम को फिर बादल छा गए। बारिश से रविवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट देखी गई। मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बीते 24 घंटे में चार मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। सोमवार से मौसम साफ होने के अनुमान हैं। अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा।