औराई। पूर्वोत्तर रेलवे के माधोसिंह स्टेशन का पूर्वी गेट मेगा ब्लाक के चलते नहीं खुल सका। गेट के न खुलने से औराई-मीरजापुर मार्ग पर जाम लगने से एंबुलेंस भी आधे घंटे तक फंसी रही। जानकारी मिलने के बाद चालक परिवर्तित मार्ग से एंबुलेंस लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई पहुंचा। जानकारी के अभाव में साइकिल, बाइक, ट्रक, बस सवारों को भी धूप में परेशान होना पड़ा। 28 मई तक इसी तरह की समस्या कायम रहने से राहगीरों, वाहन चालकों ने रेल प्रशासन पर सवाल उठाया।
मुख्य रेलपथ निरीक्षक माधोसिंह एके सिंह ने बताया कि दोहरीकरण के बाद ब्लाक सेक्शन में रेलवे ट्रैक की संख्या बढ़ गई है जिससे गेट को पार करने में वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। दो ट्रैक का कार्य गत दिनों पूरा कराकर ट्रेनों का परिचालन शुरू कराया गया था। शेष दो ट्रैक में रबरयुक्त इंटरलाकिंग का कार्य 17 से 28 तक 24 घंटे का ब्लाक लेकर कार्य कराया जा रहा है। गेट पर कार्य जारी रहने के दौरान आवागमन की व्यवस्था स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित गेट नंबर 31 से कराया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे और थाना पुलिस की तैनाती कराई गई है।