ज्ञानपुर। धांधली में पकरी खुर्द कोटे की दुकान के निलंबन ने घोरहां के राशन कार्डधारकों की मुश्किल बढ़ा दी है। अब कसियापुर से दुकान अटैच होने से ग्रामीण भड़क गए। नाराज ग्रामीणों ने पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि घोरहां के आसपास ही दुकान को अटैच किया जाए या उनके गांव की दुकान बहाल हो।
दरअसल ज्ञानपुर विकास खंड के घोरहां गांव की कोटे की दुकान करीब छह माह पूर्व अनियमितता में निलंबित की गई थी। घोरहां के कार्डधारकों को पकरी खुर्द गांव से अटैच किया गया था। करीब एक किमी दूरी होने से सभी कार्डधारक पकरी खुर्द से राशन आदि ले लेते थे लेकिन मंगलवार को अनियमितता में पकरी खुर्द की दुकान भी निलंबित कर दी गई। कोटेदार पर 18 हजार जुर्माना भी लगाया गया। अब दुकान को कसियापुर से अटैच किया गया जिसकी दूरी करीब तीन से साढ़े तीन किमी है। इससे महिलाएं और बुजुर्ग को वहां जाने में दिक्कत हो रही है। नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। आरोप लगाया कि राशन लेने के लिए उन्हें अब परेशान होना पड़ेगा। एसडीएम और पूर्ति विभाग से मांग किया कि घोरहां में दुकान चयन किया जाए, जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि नियमों के तहत दुकान अटैच की गई है। जल्द ही समस्या का निराकरण किया जाएगा।