एक कॉल पर पब्लिक की मदद के लिए पहुंचने वाली पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) का फरवरी में रिस्पांस टाइम और बेहतर हो गया है।
जनवरी से करीब एक मिनट कम समय में वह लोगों तक पहुंच रही है, हालांकि रैंकिग गिर गई है। जनवरी में जोन स्तर पर पहले रैंक पर रही पीआरवी दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
मुसीबत में फंसे लोगों की मदद को भदोही पुलिस अब पहले से ज्यादा तेजी से पहुंच रही है। पुलिस के रिस्पांस टाइम में लगातार सुधार हो रहा है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, किस जिले की पुलिस कितनी तेज हैं, इसका अंदाजा उसके रिस्पांस टाइम से ही लगाया जाता है। इसका आधार है पीआरवी यानी पुलिस रिस्पांस व्हीकल।
आपात कालीन नंबर डायल 112 से जुड़ी पीआरवी को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाने के लिए कहा जाता है। जनवरी में पीआरवी पांच मिनट 12 सेकेंड में लोगों तक पहुंची जबकि फरवरी में यह चार मिनट 15 सेकेंड पर लोगों की मदद के लिए पहुंची।
कम समय में लोगों तक पीआरवी पहुंची लेकिन दिसंबर और जनवरी में जोन स्तर पर पहली रैंक पर रहने वाली पीआरवी अब दूसरे स्थान पर आ गई। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि जिले की पीआरवी पहले से काफी बेहतर हो गई है।