जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पूर्व में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप हुई कार्यवाही की जानकारी ली। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थापना के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आए ऑनलाइन आवेदन पत्रों के निस्तारण पर जोर दिया। विभिन्न विभागों से आए कुल 147 आवेदन पत्रों में से 136 स्वीकृत हुए। उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में 36 लोगों को ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके लिए अब तक पांच आवेदन पत्र आए हैं, जिसे बैंकों को भेजा गया। मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना में 38 लोगों को ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। जिसके लिए छह आवेदन पत्र आए हैं। ओडीओपी योजना में 120 लोगों को ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके लिए 11 आवेदन पत्र आए हैं। इस मौके पर एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।