यदि आप बिजली कनेक्शन लिए हैं और हर महीने बिजली बिल के लिए विभाग का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जल्द ही आपको व्हाट्सएप पर बिजली का बिल भेजा जाएगा। बिल के आधार पर आप ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं। जिससे घर बैठे आपको बिल भी मिलेगा और भुगतान भी हो जाएगा। इस व्यवस्था को जिले में शुरू होने में अभी थोड़ा समय लगेगा, लेकिन विभागीय स्तर पर रणनीति बननी शुरू हो गई है।
जिले में विद्युत वितरण के दो खंड संचालित होते हैं। दोनों खंड में कुल मिलाकर दो लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। इनमें से ज्यादातर उपभोक्ता केवल इसलिए बिल जमा नहीं करते कि उनके यहां समय से बिल नहीं पहुंचता है। अभी मंगलवार को बैराखास गांव में लगे जन चौपाल में जिलाधिकारी के समक्ष ही कुछ ग्रामीणों ने यह मुद्दा उठाया था कि जब इकठ्ठा पचास हजार रुपये का बिल आएगा तो कहां से भुगतान होगा। इसपर डीएम ने समय से बिल भेजने के लिए भी बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। जब व्हाट्सएप से बिजली का बिल जाएगा तो काफी हद तक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों की मानें तो बड़े शहरों में यह व्यवस्था धीरे-धीरे लागू हो गई है। सब ठीक रहा तो यहां भी लागू किया जाएगा। एक्सईएन अमर सिंह ने कहा कि जिले में भी व्यवस्था शुरू करने का निर्देश आएगा तो शुरू किया जाएगा। व्हाट्एसप के जरिए बिजली बिल, ऑनलान भुगतान और किस्तों में भुगतान आदि की व्यवस्थाएं होनी हैं।