ज्ञानपुर। जिले में 25 अप्रैल से शुरू हो रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां शुक्रवार शाम तक पूरी कर ली गईं। छह परीक्षा केंद्रों पर विद्यालय प्रबंधन की तरफ से डेस्क स्लिप आदि लगाए गए। 25 से 27 अप्रैल तक तीन दिन तक होने वाली परीक्षा में एक पाली में 2496 के हिसाब से कुल 14 हजार 976 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। प्रशासन की तरफ से नामित मजिस्ट्रेट केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था परखेंगे।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए जिले में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर विश्वविद्यालय ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज भदोही, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को केंद्र बनाया गया है। तीन केंद्रों पर 480-480 और तीन केंद्रों पर 384 सहित कुल छह केंद्रों पर एक पाली में 2496 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। हर परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और एक सह केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। अभ्यर्थियों को गहनता से जांच के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।