भदोही। गत सप्ताह शहर के लोहपाना गली में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से अभी लोग उबर भी नहीं पाए थे कि नगर के रजपूरा निवासी एक युवक की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव मिलने से शहर में खलबली मच गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में युवक घर अति व्यस्त स्टेशन रोड पर बताए जाने से उसका घर ढूंढते ढूंढते लोग थक गए। देर शाम उसके घर के पुष्टि रजपूरा में हुई। रजपूरा में हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
लगभग ढाई महीने तक भदोही कोरोना मरीजों से बचा रहा। लेकिन गत सप्ताह चकइनायत गली में एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद यह दूसरा केस मिला है। रजपूरा में जहां युवक मिला है वहां के लोग भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि सावधानी न बरतने से समस्या बढ़ रही है। मरीज मिलने से अब लोग यह सोच कर घबराहट में हैं कि उक्त युवक कहां कहा गया है। किन किन लोगों से मिला है। कितने और लोग उससे संक्रमित हुए होंगे।
उधर युवक के स्टेशन रोड पर होने की सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्टेशन रोड पहुंच कर रास्ते बंद करने की तैयारी कर रही थी कि तभी पता चला कि उक्त युवक रजपूरा का है। इस पर स्टेशन रोड पर आवागमन बंद नहीं किया गया। युवक का घर रजपूरा में होने से स्टेशन रोड के निवासियों ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि नईबाजार में रविवार को दो सगे भाई कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।