उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के बाद चौथी लेकर बेटी के ससुराल गए मायके वालों से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ तो दुल्हन को लेकर उसके घरवाले वापस चले गए। इससे नाराज ससुरालियों ने सामान लेकर आए पिकअप चालक को पीट दिया।
भदोही जिले की कोतवाली के भवानीपुर मुसहर बस्ती में चौथी लेकर आए पिकअप चालक को बंधक बनाकर ससुराल वालों ने जमकर पिटाई कर दी। ससुराल और मायके पक्ष के बीच लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद मायके पक्ष के लोग दुल्हन को वापस लेकर चले गए। इससे आपा खोये ससुराल पक्ष के लोगों ने बेगुनाह पिकअप चालक की पिटाई कर दी। पिकपअ चालक की तहरीर पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गोपीगंज कोतवाली के भवानीपुर उपरवार के मुसहर बस्ती निवासी दरोगा बनवासी के पुत्र सूरज बनवासी की शादी पिपरी गांव निवासी महेंद्र बनवासी की पुत्री राधा से हुई थी। दुल्हन विदाई होकर भवानीपुर आई। दूसरे दिन चौथी लेकर विवाहिता के परिजन भवानीपुर स्थित बेटी के ससुराल आए थे।
बताया जा रहा है कि रात में लेनदेन को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद काफी बढ़ गया। चौथी लेकर आए मायके पक्ष के लोग इतना नाराज हुए कि अपनी बेटी को साथ लेकर चले गए, लेकिन साथ आए पिकअप और चालक को वहीं छोड़ दिया। चालक अपनी पिकअप में सोया हुआ था।
विज्ञापन
उधर, दुल्हन के चले जाने से आपा खोये ससुराल पक्ष के लोगों ने पिकअप चालक सुरेंद्र गुप्ता (29) पुत्र राममिलन गुप्ता निवासी तुलसीचक भदोही को ही बंधक बनाकर पूरी रात पिटाई की। इसके अलावा उसके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चालक किसी तरह भागकर बस्ती में पहुंचा और डायल 112 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक को सीएचसी गोपीगंज भेजवाया। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।