भदोही। चौरी-भदोही मार्ग पर स्थित अभयनपुर मैदान में प्रस्तावित वृहद पार्क व खेल मैदान विकसित करने की योजना रद हो गई है। अब इस मैदान में स्थायी हेलिपैड बनाया जाएगा। इसके लिए चहारदीवारी, पाथवे के निर्माण और सुंदरीकरण कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है। पार्क के मद्देनजर चल रहे चहारदीवारी का निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिव प्रसाद यादव के अनुसार स्थायी हेलिपैड के लिए भिखारीपुर (अभयनपुर) मैदान को चयनित किया जा चुका है। इसके अलावा औराई में हेलिपैड के लिए भी जमीन देखी गई है। जल्दी ही योजना पर काम शुरू किया जाएगा। तीन साल पहले तत्कालीन जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर अभयनपुर मैदान में वृहद पार्क व खेल का मैदान विकसित करने की योजना बनाई गई थी। जिसके बाद काम चल रहा था, लेकिन अब शासन की ओर से तीनों तहसील क्षेत्रों में स्थायी हेलिपैड बनाए जाने की योजना आई है। जिसके तहत भदोही में अभयनपुर मैदान को चयनित किया गया है। खास बात है कि अभयनपुर मैदान से कुछ ही दूरी पर कारपेट एक्स्पो मार्ट है। जहां अक्सर कालीन मेले के दौरान वीवीआईपी का आना होता है। ऐसे में स्थायी हेलिपैड बनने से काफी सहूलियत मिलेगी। नगर पालिका भदोही के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह का कहना है कि जिले की तीनों तहसीलों में स्थायी हेलिपैड बनाने की योजना है। भदोही में अभयनपुर मैदान को इसके लिए चयनित किया गया है। ऐसे में वृहद पार्क विकसित करने व खेल मैदान से सुसज्जित करने की योजना को रद कर दिया गया है। पालिका चहारदीवारी के साथ पाथवे का निर्माण कराएगी।