जिले के सबसे अधिक ओपीडी वाले अस्पताल में अब लोगों को अल्ट्रासाउंड का लाभ मिल सकेगा। मंगलवार से अस्पताल में अल्ट्रसाउंड की शुरूआत कर दी गई। सोमवार को प्रभारी मंत्री को इसका शुभारंभ करना था, लेकिन व्यवस्थाओं के कारण उनके न पहुंच पाने के कारण अस्पताल के सोनियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष गुप्ता व स्वप्निल गुप्ता ने इसका शुभारंभ किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज वाराणसी-प्रयागराज हाईव के किनारे है। यहां प्रतिदिन 250 से 300 की ओपीडी होती है। इसमें से 30 से 35 गर्भवती महिलाओं की ओपीडी होती है। जिन्हें जरूरत पड़ने पर चिकित्सक अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह देते हैं, लेकिन सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें निजी सेंटरों का रुख करना पड़ता था।
इसके लिए उन्हें 500 से 600 का अतिरिक्त भुगतान करना होता था। बीते दिसंबर माह में शासन स्तर से गोपीगंज सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की एक मशीन भेजी गई थी। जिसके बाद मशीन इंस्टाल तो कर दिया गया है, लेकिन सोनोलॉजिस्ट के न होने से इसका संचालन अटका हुआ था। हालांकि अब सारी बाधाएं दूर कर ली गई। सोमवार को ही सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड का शुभारंभ किया जाना था, लेकिन प्रभारी मंत्री के न पहुंच पाने के कारण नहीं हो सका।
अब मंगलवार से सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन करीब 10 से 12 महिलाओं ने इसका लाभ भी उठाया। अस्पताल में तैनात डॉ. आशीष गुप्ता व डॉ. स्वप्निल गुप्ता ने मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया। मौके पर डॉ. आशा वर्मा, डॉ. विजय गौतम, फार्मासिस्ट श्याम किशोर शुक्ला आदि रहे।