यात्रीगण कृपया ध्यान दें...! रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पेयजल की सुविधा का अभाव है। कृपया बोतल बंद पानी लेकर ट्रेन में सवार हों...। ये लाइन पढ़कर आपको थोड़ा अचंभा जरूर लग रहा होगा, लेकिन कालीन नगरी के रेलवे स्टेशनों की दशा यही है। जिस स्टेशन पर अक्सर यात्रियों को सतर्क करने वाले वाक्य बोले जाते हैं, वहां सुविधाओं का भारी अभाव है। कहीं पेयजल की समस्या है तो कहीं शौचालय की। कुछ स्टेशनों पर तो रैंप की भी समस्या है। गंदगी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गोरखपुर और लखनऊ रेल मंडल के स्टेशनों की पड़ताल की गई तो पता चला कि आधुनिकीकरण तो हो रहा है, लेकिन इस भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए सभी तरह की सुविधाएं स्टेशनों पर उपलब्ध नहीं हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के माधोसिंह-रामबाग, उत्तर रेलवे के जंघई-वाराणसी रेलखंड पर एक दशक से सेवाएं देने वाले स्टेशन, हाल्ट लाखों रुपये की आय देते हैं, लेकिन वहां सुविधाएं नहीं बढ़ पा रही हैं। उधर, सराय कंसराय, सुरियावां, परसीपुर के स्टेशनों पर शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था की समस्या है। चार दिन पूर्व ही पेयजल का मामला लखनऊ रेल मंडल में तैनात सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा तक पहुंचने पर उन्होंने यात्री सुविधाओं को प्रमुखता दी थी, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। सरायकंसराय स्टेशन से यात्रा करने वाले मनोहर लाल ने बताया कि फेरबदल होने पर प्लेटफार्म अलग-अलग हो गए हैं। प्लेटफार्म नंबर दो पर हैंडपंप का आधा हिस्सा गायब है। यहां पेयजल की समस्या है। सुरियावां स्टेशन की यात्री सविता उमर ने कहा कि महिलाओं के लिए शौचालय बना है। पानी की व्यवस्था नहीं होने से शौचालय में ताला लगा हुआ है। वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, लोहता, फाफामऊ जाने वाली ट्रेनों में छात्राओं, महिला यात्रियों की संख्या अधिक रहती है, जिन्हें परेशानी होती है। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्टेशन से यात्रा करने वाले राजीव, महेंद्र ने कहा कि गर्मी के मौसम में ठंडा पानी नहीं मिल रहा है। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर वाटर कूलर खराब है। परसीपुर स्टेशन के मुख्य द्वार पर रेलिंग विहीन दिव्यांगजनों के लिए बना रैंप खराब पड़ा है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि जहां-जहां समस्या है, वहां निरीक्षण करके समाधान कराया जाएगा। उत्तर रेलवे के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।