सब कुछ ठीक रहा तो जिले के थाना, कोतवाली और चौकी के समीप सालों से खड़े वाहन हट जाएंगे। इन वाहनों को खड़ी करने के लिए असनांव चौकी के समीप पुलिस महकमे की ओर से पार्किंग स्ट्रीट बनाने की तैयारी है। प्रशासन ने 10 बीघा सरकारी जमीन पुलिस को दी है। अब विभाग पार्किंग स्थल बनाने के खर्च का लेखाजोखा तैयार कर रहा है।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में शामिल और सीज वाहनों को पुलिस या तो हाइवे के किनारे अथवा थाना परिसर में ही रखवा देती है। सड़कों के किनारों पर सीज अथवा दुर्घटनाओं से संबंधित वाहन खड़ी कर दिए जाने से यातायात जाम की समस्या तो पैदा होती ही है, साथ ही थानों पर भी इन वाहनों की सुरक्षा का अतिरिक्त भार होता है। सुंदरीकरण के बाद भी थानों और कोतवाली के आसपास जर्जर एवं कबाड़ हो चुके वाहन पड़े रहते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने दस बीघा जमीन चिह्नित की है। असनांव चौकी के समीप 10 बीघा में पार्किंग स्ट्रीट बनाने के लिए जमीन पुलिस विभाग को सौंप दी गई है। इससे अब थानों और कोतवाली के समीप खड़े कबाड़ वाहनों को उसी स्थान पर रखा सकेगा। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि असनांव चौकी के समीप करीब 10 बीघा सरकारी जमीन मिली है। प्रशासन ने उसे पुलिस विभाग को सौंप दिया है। उक्त जमीन के चारो तरफ बाउंड्रीवाल बनाकर थानों और कोतवाली में सीज वाहन अब एक ही स्थान पर रखे जाएंगे। इससे जाम की समस्या का काफी हद तक समाधान तो होगा ही, साथही पुलिस महकमे को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण में आने वाले खर्च का विवरण तैयार किया जा रहा है। उसके स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।