माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्रों पर चल रही गतिविधियों की निगरानी अधिकारी अपने कार्यालय में बैठे-बैठे करेंगे। वहीं से वे केंद्र प्रभारियों व अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी जारी करेंगे। निगरानी के लिए जिला मुख्यालय व शासन स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। इसमें बोर्ड परीक्षा पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान केंद्र प्रभारियों को विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, सीसीटीवी कैमरे आदि दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड परीक्षा के लिए परिषद की तरफ से जारी नियमों से अवगत कराया गया। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्र को डबल लॉक आलमारी में रखने, परीक्षा को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कराने के लिए निर्देश दिए गए। कहा गया कि जिन परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अभी सुनिश्चित नहीं हो पाई हैं, उसे कमियां दूर कर एक सप्ताह में पूर्ण करा लें। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसे विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बन पाएंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए उत्तरपुस्तिका का वितरण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद बोर्ड परीक्षा अब शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। अब परीक्षा शुरू होने में मात्र 10 दिन बचे है। इसलिए सारी तैयारी तेजी से कराएं। उधर, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इस बार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया पूरी तरह से बदल दी गई है। इस बार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ड्राप डाउन सिस्टम से ऑनलाइन लगाई जाएगी। बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से शुरू होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के स्तर से सारी तैयारियों को समय से पूरी कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिले में संचालित सभी माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का ब्योरा भी बोर्ड को भेजा जा रहा है। ताकि परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी का निर्धारण किया जा सके। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसी विवरण के आधार पर परिषद की ओर से वहीं से शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में ऑनलाइन लगाई जाएगी। डीआईओएस एनएल गुप्ता ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। इस बार कक्ष निरीक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जानी है, ऐसे में सभी शिक्षकों का विवरण परिषद को भेजा जा रहा है। करीब-करीब सभी स्कूलों ने मांगी गई सूचना दे दी है। उन्होंने बताया कि करीब ढाई हजार कक्ष निरीक्षक बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी पर लगेंगे। उधर, इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा की निगरानी अधिकारी कंट्रोल से बैठे-बैठे ही कर सकेंगे। इसके लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार कई बदलाव किए गए हैं। उसी में यह भी है। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम बनेगा। वहां से सभी केंद्रों को जोड़ा जाएगा। वैसे तो यहां निगरानी के लिए टीम लगी रहेगी, लेकिन अधिकारी चाहेंगे तो वहां बैठकर भी निगरानी कर सकेंगे। इसके लिए तैयारी की जा रही है। लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से भी केंद्रों को जोड़ने की तैयारी है। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाना है।