हजयात्रा 2016 के लिए हजयात्रियों की फीस तय कर दी गई है। बीते वर्ष की तुलना में इस बार हज का सफर लगभग 5 हजार रुपये तक महंगा हो गया है। इस वर्ष वाराणसी से हज के पाक सफर पर जाने वालों को ग्रीन कैटेगरी के लिए 2,18,250 रुपये और अजीजिया कैटेगरी वालों को 1,84,350 रुपये अदा करने होंगे। इसमे कुर्बानी के कूपन की कीमत नहीं है।
इस बार यह सहुलियत होगी कि लोग कुर्बानी के कूपन की कीमत अदा करने चाहे तो करें अन्यथा नहीं। इसमें से 81 हजार की किश्त लोगों ने जमा करा दिए हैं बाकी की फीस जमा करने के लिए दो जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
हज रवानगी की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। 6 अगस्त से वाराणसी से जाइरीन काशी से काबा के लिए रवाना होंगे।
जिला हज ट्रेनर, हाजी आजाद खां ने बताया कि इस वर्ष जनपद से कुल 96 हजयात्रियों को हज के सफर पर जाने का मौका मिला है। हालांकि फार्म भरने वालों की संख्या 185 रही। बताया कि दोनो ही कैटेगरी के लोग 81 हजार जमा कर चुके हैं अब ग्रीन वालों को 1,37,250 रुपये तथा अजीजिया वालों को 1,03, 350 रुपये दूसरी और अंतिम किश्त जमा करनी है जिसके लिए आखरी तारीख 2 जुलाई निर्धारित है।
यदि किसी के साथ दो साल या इससे कम उम्र का बच्चा है तो उसके लिए 14,350 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। गत वर्ष हज कमेटी ने कुर्बानी की रकम हजयात्रियों से जमा कराई थी। लेकिन इस वर्ष लोगों को स्वतंत्र कर दिया है। कहा है यदि किसी को कुरबानी की रकम जमा करनी है तो उसे उपरोक्त रकम में 8160 रुपये और जमा करने होंगे। हज ट्रेनर ने बताया कि किश्त जमा कर उसकी रसीद अपने कवर नंबर के साथ हज कमेटी आफ मुंबई को भेज दिया जाए।
मालूम हो की हज यात्रा पर जाने से पहले टीकाकरण और ट्रेनिंग की कार्यवाही रमाजान से पूर्व हो चुकी है। जिसमें मास्टर और जिला हज ट्रेनरों ने जाइरीन को हज पर जाने के आरकान बताए। साथ ही उन्हें अन्य जरूरी बातों से भी अवगत कराया। ताकि उन्हें हज के दौरान कोई परेश्ाानी न हो।