ज्ञानपुर। छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद प्रदान करने के लिए शुरू की गई केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में तथ्य छुपाकर लाभ लेने वाले ढाई हजार अपात्रों को कृषि विभाग ने नोटिस भेज दिया है। अपात्र योजना के तहत तीन करोड़ रुपये की धनराशि ले चुके हैं। इसके साथ ही स्वत:पैसा न जमा करने पर रिकवरी की कार्रवाई भी होगी।
गौरतलब हो कि कर्ज के बोझ से दबे किसानों को राहत देने के लिए केंद्रीय बजट में पीएम किसान सम्मान निधि योजना का प्रावधान किया गया था। इसके तहत किसानों को छह हजार रुपये वार्षिक देने की व्यवस्था की गई है। यह धनराशि किसानों को तीन किस्तों में दी जानी है, जिसमें पहली किस्त दिसंबर 2018 से शुरू है। जिले में दो लाख 10 हजार किसानों को योजना का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही अब तक नौ किस्तों में 18-18 हजार की धनराशि उनके खाते में पहुंच चुकी है। फरवरी 2021 में केंद्र सरकार की ओर से इनकम टैक्स पोटल से जांच की तो 2563 ऐसे किसान मिले जो तथ्य छुपाकर लाभ ले रहे थे। धनराशि हड़पने वालों में नौकरीपेशा, आयकरदाता, पेंशन पाने वाले हैं। इन्होंने खतौनी, बैंक पासबुक और आधार कार्ड के जरिए आवेदन किया था।