जिले की तीनों विधानसभा सीटों के लिए नामांकन स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। नामांकन की पूरी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर में बने अलग-अलग न्यायालय कक्षों में होगी। नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन तक उम्मीदवारों को उसी कक्ष में संपर्क करना होगा। तीनों एसडीएम को रिटर्निंग ऑफिसर भी नामित किया गया है।
जिले में सातवें चरण में सात मार्च को मतदान होना है। 10 फरवरी से शुरू होने वाले नामांकन प्रक्रिया शुरू होने में अब मात्र सात दिन बचे हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासनिक स्तर से तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से अंदर तक बैरिकेडिंग कर दी गई है। अब तीनों विधानसभा के प्रत्याशियों का नामांकन स्थल तय कर दिया गया। भदोही विधानसभा के प्रत्याशी एडीएम न्यायालय कक्ष, ज्ञानपुर के उम्मीदवार एसडीएम ज्ञानपुर न्यायालय कक्ष और औराई विधानसभा के प्रत्याशी चकबंदी न्यायालय कक्ष में नामांकन करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी कुमुद श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों एसडीएम आरओ बनाए गए हैं। उनके सहयोग में एक-एक और अधिकारी लगेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन नामांकन कक्ष से ही होगा।