भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने 14 अक्तूबर से भदोही के एक्सपो मार्ट में कालीन मेला आयोजन की तिथि तो घोषित कर दी है, लेकिन अब तक मार्ट उसे हस्तांतरित नहीं हो सका है। यदि इसमें कोताही हुई तो भदोही में एक्सपो आयोजन में खलल पड़ सकता है। इसी को लेकर शनिवार को परिषद के प्रशासनिक समिति के सदस्य असलम महबूब ने लखनऊ जाकर प्रमुख सचिव एमएसएमई तथा निर्यात प्रोत्साहन एवं उद्यम नवनीत सहगल से मिल कर मार्ट सीईपीसी को हस्तांतरित करने की मांग की।
उन्होंने प्रमुख सचिव को भदोही में एक्सपो के आयोजन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों के बारे में बताया। यह भी बताया कि पिछले दिनों परिषद ने उद्योग विभाग और राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों संग मार्ट का निरीक्षण किया था। इसमें 32 बिंदुओं पर सुधार की बात कही गई थी। इसे अधिकारियों ने नोट भी किया था। न केवल मार्ट को शीघ्र सीईपीसी को सौंपा जाए बल्कि 32 बिंदुओं पर काम भी तेजी से बढ़ाया जाए। असलम महबूब जो आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के मानद सचिव भी हैं, ने प्रमुख सचिव को बताया कि इस मेले से छोटे से लेकर बड़े कारोबारियों को काफी उम्मीदें हैं। सभी बड़े उत्साह के साथ तैयारियों में लग गए हैं। लोगों को पहली बार लगेगा जैसे उनके घर में कालीन मेला का आयोजन हो रहा है। बताया कि प्रमुख सचिव ने मार्ट हस्तांतरण और 32 बिंदुओं पर काम करने के लिए शीघ्र विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने का भरोसा दिया।