गोपीगंज। कसिदहां गांव में छह माह पूर्व ब्याह कर ससुराल आई विवाहिता ने मंगलवार की रात अबूझ हाल में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
कसिदहां गांव निवासी दुर्गेश तिवारी की शादी छह माह पूर्व औराई थानाक्षेत्र के कुरौना गांव निवासी अंकिता देवी उर्फ पूजा (25) के साथ हुई थी। रात में खाना खाने के बाद अंकिता अपने कमरे में चली गई और किसी समय पंखे में फंदा लगाकर लटक गई। सुबह काफी देर तक न जागने पर परिजन उसे जगाने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका में लोगों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो वह पंखे से लगे फंदे पर लटकती मिली। रोते-बिलखते ससुराल वालों ने मायके पक्ष समेत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता संतोष कुमार शुक्ला निवासी कुरौना-औराई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पति, जेठ, जेठानी, ससुर, सास, ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। घटनास्थल पर सीओ सदर कालू सिंह ने पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।