पाली। चौकी क्षेत्र के दशरथपुर गांव में बुधवार को विवाहिता सरिता गुप्ता (40) पत्नी राजेश गुप्ता की अबूझ हाल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
मृतका के पति राजेश गुप्ता महाराष्ट्र के नागपुर में रहकर ठेले पर दुकान चलाता था। आसपास के लोगों का कहना था कि लाकडाउन के कारण घर आया था। बचाकर रखे गए पैसे भी इस दौरान खर्च हो गए, जिसको लेकर आए दिन परिजनों में तू-तू मैं हो रही थी। खर्च चलाने के लिए मृतका और उसके बच्चों के मजदूरी आदि करने से भी पति नाराज रहता था, लेकिन पेट की आग के आगे वह मजबूर था। बुधवार को सरिता ने कमरे में जाकर अबूझ हाल में मौत को गले लगा लिया। मृतका चार बच्चों की मां बताई गई है। मायका मोढ़ में है। घटना को लेकर गांव में जितनी मुंह उतनी बात हो रहीं थीं। पाली चौकी प्रभारी गुरु ज्ञानचंद पटेल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का कारण सामने आ सकेगा। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने छानबीन की।