संवाद न्यूज एजेंसी
ज्ञानपुर। प्रयागराज में माघ मेले का आयोजन 3 जनवरी से आरंभ हो रहा है। इसके लिए जिला-पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार माघ मेले की तैयारी महाकुंभ मेले जैसी दिख रही है।
श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने निर्णय लिया है कि प्रमुख स्नान पर्व के 24 घंटे पहले से लेकर और बाद तक जिले में डायवर्जन लागू रहेगा। इससे जनपद के शहरी क्षेत्र में और हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी।
एनएचएआई ने हाईवे पर 38 अवैध कट को बंद कर दिया है। जिले की प्रवेश और निकास की सीमा पर पुलिस विशेष नजर रखेगी। हाईवे पर स्थित औराई, गोपीगंज, ऊंज थानों में बने अस्पतालों को संचालित किया जा रहा है।
यहां स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा हाईवे के किनारे औराई सीएचसी और ट्रॉमा सेंटर, जंगीगंज पीएचसी को इमरजेंसी की स्थिति के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है।जिला प्रशासन को अनुमान है कि इस बार मेले में महाकुंभ मेले जैसी भीड़ उमड़ सकती है।
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे का 43 किलोमीटर क्षेत्र भदोही जिले में आता है। पुलिस जिले की प्रवेश सीमा बाबूसराय और निकास सीमा ऊंज तक हर आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखेगी।
हाईवे पर एआई कैमरों को लगाया जा रहा है। ताकि आने-जाने वालों पर नजर रखी जा सके। जिले की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात किए जाएंगे।