ज्ञानपुर जिले के ऊंज में 16 मई को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभेद सुरक्षा घेरे में रहेंगे। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा कवच रहेगा। पांच चक्रीय सुरक्षा प्लान इस कदर अभेद है कि परिंदा भी पर न मार सकेगा। अभिभाषण के समय प्रधानमंत्री एसपीजी के घेरे में रहेंगे तो एसपीजी स्नाइपर्स से लेकर एटीएस कमांडो, स्पेशल एसआई टीम और अंतिम घेरे में स्थानीय पुलिस मौजूद रहेगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे मैदान और हैलीपैड की पल-पल की गतिविधियों पर आंखें गड़ाए रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के छठवें चरण के लिए जिले में 25 मई को मतदान होगा। 16 मई को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय हुआ है। स्थान तय होने के बाद से ही मंडल से लेकर जिलास्तर तक के अधिकारी सुरक्षा की रणनीति को फाइनल करने में जुट गए हैं।
इसमें प्रधानमंत्री के आगमन, उनका गाड़ी में बैठना, मंच पर पहुंचना, वहां से वापस लौटना, फिर गाड़ी में सवार होना और हैलीपैड स्थल तक जाने के साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग को लेकर रिहर्सल किया जा रहा है। पीएम की सुरक्षा में एसपीजी, स्नाईपर्स, कमांडो, पीएसी और स्थानीय पुलिस रहेगी।
सोमवार को कमिश्नर, डीआईजी जहां पहुंचे थे। वहीं मंगलवार को डीएम विशाल सिंह, एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन संग अन्य आला अधिकारी भी तैयारियों को देखते रहे। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने कहा कि पीएम की सुरक्षा अभेद्य रहेगी। एसपीजी के अलावा चार स्तर पर सुरक्षा टीम तैनात रहेगी। ड्रोन कैमरे से सभा और उसके आसपास नजर रखी जाएगी। सूची में जिन लोगों का नाम रहेगा वही प्रधानमंत्री के समीप पहुंच सकेंगे।
पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे कारीगर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली सभा के लिए पंडाल सजने लगा है। कारीगर 24 घंटे उसे तैयार करने में लगे हुए हैं। भाजपा के कार्यकर्ता संग स्थानीय पुलिस की टीम भी वहां मौजूद होकर तैयारी में सहयोग कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 15 मई को रात में पंडाल पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके अलावा जनसभा स्थल पर पंडाल के पीछे दो हेलीपैड तैयार किये जा रहे हैं। मंगलवार को हेलीपैड पर हेलीकाप्टर उतार कर रिहर्सल भी किया गया।