ज्ञानपुर। यदि आपके मन में सेवा का भाव है, अपनों के साथ दूसरों की जिंदगी बचाने का जुनून है तो आपके लिए बेहतर मौका है। शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ज्ञानपुर स्थित महाराज चेत सिंह जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में शुक्रवार (एक अक्तूबर) को होने वाले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में आकर रक्तदान करें और जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाएं।
जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सुबह नौ बजे से स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया जाएगा। यदि आप भी रक्तदान करना चाहते हैं तो यहां पहुंचकर सबसे पहले पंजीकरण कराएं उसके बाद रक्तदान करें। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि 18 से 60 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने से किसी तरह की कोई कमजोरी नहीं होती। रक्तदान के दौरान दिया गया खून 24 घंटे में बन जाता है। रक्तदान करने वालों का खून जरूरतमंद, दुर्घटना में घायलों और प्रसूता महिलाओं को दिया जाता है। कहा कि रक्तदान करना आपके दिल की सेहत को सुधार सकता है और दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे को कम करता है। कई चीजें संतुलित रहती हैं। कैंसर के भी खतरे कम होते हैं और लीवर की बीमारियां भी कम होने की संभावना होती है।