ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को कोविड-19 चिकित्सालय डीघ का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने पर संतोष जताया। इमरजेंसी कोरोना पीड़ितों के लिए बेड बढ़ाने का निर्देश दिया। डीएम के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों में खलबली मची रही। इसके पूर्व डीएम ने पुरानी तहसील ज्ञानपुर में मोटर दुर्घटना दवा अभिकरण कार्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान कोर्ट रूम, आश्रय कक्ष और शौचालय की जांच की। एआरटीओ अरुण कुमार को निर्देश दिया कि वहां पड़े पुराने वाहनों को बाहर निकालें। ज्ञानपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के साथ बाहर की साफ-सफाई सही ढंग से कराएं। डीएम ने बताया कि मोटर दुर्घटना दवा अभिकरण के जज 28 और 29 मई को पुरानी तहसील ज्ञानपुर में बैठकर सभी प्रकार के एक्सीडेंटल वादों का निस्तारण कराएंगे।