खाकी अक्सर किसी न किसी विवादों को लेकर सुर्खियों में रहती है, लेकिन कालीन नगरी के एक आरक्षी ने अपने कार्य से लोगों का दिल जीत लिया। हर तरफ उसकी सराहना हो रही है। एसपी के निर्देश पर एएसपी ने उसे सम्मानित भी किया है।
भदोही कोतवाली में तैनात आरक्षी अरविंद कुमार विभागीय कामकाज के अलावा जन सेवा में जुट गए। उन्होंने भूले भटके असहाय वृद्धों को उनके घर पहुंचाने का बीड़ा उठाया। शनिवार शाम को वह भदोही के एसबीआई शाखा के सुरक्षाकर्मी की सूचना पर मौके पर गए। वहां पर भटकते हाल में मिले दिनेश उपाध्याय से मुलाकात हुई। भोजन आदि कराने के बाद किसी तरह उनके घर वालों का पता प्राप्त किया। उसके बाद परिवार वालों से मिलवाया। परिजनों ने बताया कि वे तीन साल पूर्व गुजरात से घर के लिए निकले थे, लेकिन भटक गए। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने आरक्षी के मानवीय कार्य को संज्ञान में लिया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती को भेजकर आरक्षी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कराया। एसपी के मुताबिक आरक्षी अब तक तीन बुजुर्गों को परिवार से मिलवा चुका है।