कौलापुर/ज्ञानपुर। शांत चेहरा, कृशकाय देहयष्ठि वाले स्वामी कालीदास त्यागी महाराज डीघ ब्लॉक के सेमराधान नाथ धाम के कल्पवास मेले में रंगा की रेती पर धूनी रमाए हैं। लोग उनको जलाहारी बाबा के नाम से पुकारते हैं। वर्ष 2013 में प्रयागराज में संन्यास की दीक्षा ली थी। तब से राम नाम का जाप कर रहे हैं और तरल पदार्थों का ही सेवन करते हैं।
लोग प्रयाग में कल्पवास करने जाते हैं लेकिन अब सेमराधान नाथ में माघ महीने में लोग कल्पवास करने लगे हैं। यहां टेंट लगाकर लोग महीने भर रहते हैं और अपनी आध्यात्मिक उन्नति का प्रयास करते हैं। इस समय वहां 300 आस्थावान सर्दी की परवाह किए बगैर साधना कर रहे हैं। कालीदास त्यागी उर्फ जलाहारी बाबा भी कुटिया डालकर यहीं है। वह फूस की चटाई पर सोते हैं। सर्दी से निजात पाने के लिए उनके पास एक कंबल और छोटा बक्सा है। 10 सालों से इन्होंने अन्न का त्याग कर दिया है। पांच सालों से वे केवल तरल पदार्थ ही पी रहे हैं।
सेमराध के निवासी जलहारी बाबा को अपनी जन्मभूमि में कल्पवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि कल्पवास में वे महंत करुणाशंकर दास महाराज के बुलावे पर आए हैं। वे 16 साल पहले घर छोड़कर संन्यासी बन गए। सूरत के रोकड़िया हनुमान मंदिर और मंगारी माता मंदिर के सेवक हैं। उनके गुरु रामलखन दास त्यागी हैं। एक बार झूठ बोलने के बाद बाबा सेमराधनाथ मंदिर की सीढियों पैर फिसलने के बाद उन्होंने संन्यास लेने की ठाल ली थी।
कल्पवास का आनंद खींच लाता है हर साल
कौलापुर। डीघ ब्लॉक के पुरवा गांव की चंपा देवी की उम्र 62 साल है। वह छह सालों से कल्पवास करने आ रही हैं। पहले अपनी सास के साथ आती थी लेकिन रुकती नहीं थी। यहां के आनंद को देखते हुए वह पूरे समय कल्पवास करने लगीं। इन दिनों घर में शादी हो या फिर कोई भी मांगलिक कार्यक्रम वह उसमें शामिल होने के लिए नहीं जाती हैं। एक सप्ताह पहले भतीजे के लड़के की शादी थी लेकिन नहीं गईं। कल्पवास का अनुभव ऐसा है मानों इसके आगे दुनियाभर के सारी खुशियां कोई मायने नहीं रखती।